आरोपी भाइयों को लेकर जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी आवास के सामने घर की छत से संदिग्ध हालात में गिरे वृद्ध हृदयराम लोधी की मौत में पांचवें दिन नया मोड़ आ गया। पुलिस इसे अपनी छानबीन में आत्महत्या मान रही थी। अब हृदयराम की बहन ने भाई की हत्या होने का आरोप लगा दिया है, उसने गुरुवार को अपने साथ हुई मारपीट, लाइसेंसी राइफल ताने जाने का भी जिक्र करते हुए आरोपों की तहरीर दी है। इधर, पुलिस ने मामले को तूल पकड़ता देख दोनों पक्ष का शांति भंग में चालान कर दिया।
बता दें डीएम आवास लक्ष्मी कालोनी निवासी हृदयराम लोधी (65) की एक हफ्ते पहले मौत हुई थी। पुलिस की जांच में मामला आत्महत्या का आया था, लेकिन इलाकाई लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। दिवंगत के घर के बगल में ही बहन कुसुमा पत्नी प्रताप सिंह रहती हैं। वे जिला अस्पताल में नर्स हैं। दिवंगत हृदयराम की पत्नी भी नर्स और बेटा अनुराग स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी है।
गुरुवार को कुसुमा देवी ने तहरीर देकर हृदयराम की मौत को उलझा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह दोपहर को सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा की दृष्टि से घर के बाहर लगवा रही थी। तभी भाई के बेटे अनुराग ने विरोध किया। गालीगलौज कर मारपीट करने लगा। अचानक जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी राइफल घर से निकाल लाया। बोला कि जैसे पिता की हत्या की वैसे तुम्हारा भी हश्र होगा। इधर, दोनों पक्षों के भिड़ने की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यवाहक कोतवाल पीके सिंह ने बताया कि अनुराग और कुसुमा के बेटे कुलदीप उर्फ शान का शांति भंग में चालान किया है।