फतेहपुर। किशनपुर कस्बे में बस अड्डे के समीप हो रहे अवैध भवन निर्माण पर चेयरमैन ने डीएम को पत्र लिख कर रोक लगाने की मांग की है। आदर्श नगर पंचायत किशनपुर के पुराने बस अड्डे के समीप कस्बा निवासी एक व्यक्ति पुराने भवन को गिराकर नया निर्माण करा रहे हैं। चेयरमैन सुरेंद्र कुमार सोनकर ने गुरुवार डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह दबंग व्यक्ति है। कई लोगों के सहयोग से सार्वजनिक भूमि बढ़ाकर बिना मानचित्र के भवन निर्माण करा रहा है। जिसमें अवैध तरीके से छत और सीढ़ियों का निर्माण हुआ है। सड़क पर शटरिंग लगा कर रास्ते में अतिक्रमण कर रहा है। इससे नगर की यातायात व्यवस्था भी खराब हो रही है। (संवाद)
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष बने मुनेंद्र
बिंदकी। कस्बे में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें संगठन विस्तार और व्यापारी हित को लेकर चर्चा हुई। कस्बे के आंबेडकर चौराहे स्थित कैंप कार्यालय में गुुरुवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से मुनेंद्र तिवारी को संगठन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं महिला नगर अध्यक्ष के रूप में रचना हुसैन मनोनीत हुई। बैठक में जिला प्रभारी संजय गुप्ता ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए हमें एक दूसरे से कंधे से कंधा मिला कर चलना होगा। जिला अध्यक्ष बृजेश सोनी ने बताया कि जिले में जल्द एक बड़े व्यापारी सम्मेलन का आयोजन होगा। संगठन से जुड़े हर व्यापारी की समस्या का हल करने का काम करेंगे। इस मौके पर शोएब खान, रज्जन गुप्ता, मोहम्मद आसिफ, धीरज कुमार, लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता, योगेश गुप्ता, नागेंद्र गुप्ता, राजकुमार सैनी, सपना सिंह, बरकत हुसैन, कुलवंत सिंह, जगदीश सोनी, रमेश यादव आदि लोग मौजूद रहे। (संवाद)
-=