चौडगरा। प्रयागराज महाकुंभ में तैनात पुलिस क्षेत्राधिकारी की बीमारी से मौत हो गई। उनका शव गांव पहुंचते ही परिजनों में दुख का पहाड़ टूट गया। सीओ का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से कानपुर में किया जाएगा।
औंग थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर निवासी जय सिंह परिहार (55) फर्रुखाबाद के कासगंज में यातायात सीओ पद पर तैनात थे। 13 जनवरी से महाकुंभ प्रयागराज में उनकी तैनाती थी। 12 फरवरी को सीओ जयसिंह की तबियत बिगड़ने पर उन्हें प्रयागराज मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। पंद्रह दिनों तक मेडिकल काॅलेज में भर्ती रहने के बाद गुरुवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। 17 फरवरी को परिवार के भाई संजय सिंह की मृत्यु हो गई थी। परिवार में दो लोगों की मौत से दुख का पहाड़ टूट गया। सीओ के भतीजे शिवम सिंह ने बताया कि अंतिम संस्कार श्याम नगर कानपुर में किया जाएगा। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि जय सिंह की बीमारी से मृत्यु हुई है। अंतिम दर्शन के लिए शव को गांव लाया गया है।