अमौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उदय भान सिंह ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं नवनिर्मित दपसौरा सीएचसी का निरीक्षण कर जुलाई माह के अंत तक उसे चालू कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी डॉ. पुष्कर कटियार और डॉ. अर्चना सिंह के साथ व्यवस्थाएं देखीं। यहां उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर न मिलने पर सीएमओ ने वीसीपीएम ओमप्रकाश, अकाउंटेंट ब्रजेश, ऑपरेटर मनीष, एलटी जगमोहन, स्टाफ नर्स रजनी, प्रतिभा और कुष्ठ रोग सहायक प्रियंका समेत सात कर्मचारियों को अनुपस्थित दर्ज किया।
उन्होंने सफाई और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के बाद साल्हेपुर उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण सत्र का जायजा लेने के साथ दपसौरा सीएचसी भवन का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि उपकरण और डॉक्टरों की कमी के कारण सीएचसी शुरू नहीं हो सकी है। मुख्यालय से आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। आसपास के अस्पतालों से डॉक्टरों को संबद्ध कर जुलाई के अंत तक ओपीडी शुरू करा दी जाएगी। अन्य आवश्यकताओं के लिए शासन से मांग भेजी जाएगी।