चंदियाना मोहल्ले में हैंडपंप में पानी भरने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। उपकेंद्र की मशीन में ब्लास्ट होने से शहरी क्षेत्र के कई मोहल्लों की बिजली छह घंटे गुल रही। बिजली न आने से 55 हजार लोगों को बिजली और पानी के संकट से जूझना पड़ा। सुबह उठते ही लोगों को पानी के लिए बाल्टी लेकर भागना पड़ा।
बेरुईहार उपकेंद्र की मशीन में शनिवार सुबह चार बजे फाल्ट हो गया। इससे जीटी रोड, लोधीगंज, शांति नगर, ज्वालागंज, अरबपुर, पीरनपुर, कटरा अब्दुलगनी, चौक, चंदियाना, महारथी, कोतवाली रोड, वर्मा चौराहे की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सुबह लोगों के घरों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। स्कूल जाने वाले बच्चों को स्नान करने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। दुकान और दफ्तर जाने वाले लोग काफी देर तक बिजली आने का इंतजार करते रहे। बाद में हैंडपंपों से पानी भर कर लाना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को पानी भरने के लिए लाइन लगानी पड़ी। वहीं, सुबह होने वाली मां दुुर्गा की आरती सन्नाटे में हुई। बिजली न होने के कारण लाउडस्पीकर बंद रहे। उपकेंद्र से जुड़े चौक, शीतला मंदिर, चंदियाना, शांति नगर मोहल्ले में दुर्गा पंडाल पर सन्नाटा रहा। बाद में सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई।
उपकेंद्र की मशीन में अचानक तेज ब्लास्ट के कारण उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई थी। मशीन सही होने के बाद सभी फीडरों को चालू कर आपूर्ति बहाल कराई गई।
- मयंक वर्मा, उपखंड अधिकारी, बेरुईहार