गोशाला परिसर में फैला कीचड़। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
विजयीपुर। हरदासपुर गढ़ा स्थित कालिंदी कान्हा गोशाला में गुरुवार को छह मवेशियों की मौत हो गई। डॉक्टर की टीम ने पशुओं का टीकाकरण किया है। डॉक्टर अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं कर सके हैं। गोशाला में अव्यवस्थाओं की भरमार है। यहां केवल दो क्विंटल भूसा बचा है।
गोशाला में मवेशियों की सुरक्षा के लिए केवल एक टिन शेड बना हुआ है। इसके नीचे अधिकतम 100 मवेशी ही खड़े हो पाते है। यहां पर 500 मवेशी हैं। ऐसे में उन्हें बरसात में खुले मैदान व कीचड़ में रहना पड़ रहा है। मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था गुरुवार तक नहीं हो सकी थी। दोपहर तक यहां पर सिर्फ दो क्विंटल भूसा बचा हुआ था। गोशाला में प्रकाश की व्यवस्था कराई गई और सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए हैं। दो दिन पहले एसडीएम मनीष कुमार ने यहां का निरीक्षण करके व्यवस्थाएं करने के लिए कहा था। अव्यवस्था पर नाराजगी जताई थी। जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरीशंकर वर्मा ने बताया कि गोशाला में भूसा कम है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। हरे चारे की व्यवस्था रोज की जा रही है। एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि भूसे व चारे की व्यवस्था के लिए बीडीओ को पत्र भेजा गया है।