फतेहपुर। राशन की दुकानों से अब कार्डधारकों को पोषणयुक्त चावल बांटा जाएगा। राइस मिलों से तैयार होने वाला यह चावल 1106 कोटेदारों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
सभी 21 राइस मिलों को कुपोषण से बचाने वाला आयरन, विटामिन-बी व फॉलिक एसिड वाला पोषणयुक्त चावल तैयार करने की ब्लैडिंग मशीन लगानी होगी। धान खरीद सीजन शुरू होने से पहले मिलों में मशीन लगानी होगी। इस मशीन की मदद से साधारण चावल में एक प्रतिशत सूक्ष्म पोषकतत्व युक्त चावल मिलाया जाता है।
फोर्टिफाइड चावल का अर्थ है सूक्ष्म पोषकतत्व युक्त चावल। ऐसे चावल में आम चावल की तुलना में आयरन, विटामिन बी कांप्लेक्स व फालिक एसिड की मात्रा अधिक होती है। इसके सेवन से शरीर में आयरन व विटामिन बी की कमी दूर होती है। डॉक्टरों का कहना है कि फोर्टिफाइड चावल का उपयोग पूरे साल किया जा सकता है। एक किलो फोर्टिफाइड चावल में आयरन की मात्रा 28 से 42.5 मिग्रा., फॉलिक एसिड 75 से 125 माइक्रो ग्राम, विटामिन बी-12 की मात्रा .75 से 1.25 माइक्रो ग्राम होती है। विटामिन ए 500 से 700 मिग्रा, विटामिन बी टू 1.25 से 1.75 मिग्रा, विटामिन ए थ्री 12.3 से 20 मिग्रा व विटामिन बी सिक्स की मात्रा 1.5 से 2.5 मिग्रा होती है।
सभी राइस मिलरों से ब्लैंडिंग मशीन लगाने के लिए कहा है। इस बार उन्हीं राइस मिल को क्रय केंद्र से संबद्ध किया जाएगा, जिन्होंने मशीन लगाई होगी।
- संजय श्रीवास्तव, खाद्य एवं विपणन अधिकारी