चौडगरा। चोरों ने एक किसान के घर से नगदी व जेवर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी परिवार को सुबह लगी तो वह थाने पहुंचे और चोरी की सूचना दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार मजरे कनेरी गांव निवासी बंदी किसान है। शुक्रवार की रात पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था। शनिवार की सुबह जब परिवार उठा और घर के अंदर गया तो पता चला कि घर में चोरी हो गई है और पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
शोरगुल होने पर आसपास के लोग भी जमा हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पर पहुंची और जांच कर लौट गई। किसान बंदी ने बताया कि चोर उसके घर से सोने की जंजीर, झाला, मंगलसूत्र, तीन अंगूठी, दो छोटे माला, हाफपेटी, पायल व करीब 62 हजार रुपये नगद ले गए हैं।
बंदी ने बताया कि नगदी उसने अपनी बहन से उधार ली थी जो गांव में ही एक पारिवारिक शादी में देनी थी। चोरी को लेकर अनुमान लगाया गया कि चोर छत से होकर कमरे में दाखिल हुए। छत की सीढ़ी पर दरवाजा नहीं लगा है। जिससे कोई भी आसानी से नीचे आ सकता है। चौकी प्रभारी चौडगरा नीरज कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है। घटना पर संदेह है।