तहसील रोड स्थित एक लाज में पत्रकारों से बातचीत करते बसपा राज्य सभा सदस्य मुनकाद अली।
- फोटो : अमर उजाला
बसपा कोआर्डिनेटर एवं राज्यसभा सांसद मुनकाद अली ने शनिवार को अयाहशाह प्रत्याशी बदलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देव कुमार उर्फ भोले पाल ने अपना अपराध छिपाकर दावेदारी ले ली थी। इस वजह से उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। अब अयाहशाह से तेज बहादुर सिंह बसपा प्रत्याशी होंगे।
तहसील रोड स्थित एक मैरिज हाल में राज्यसभा सांसद मीडिया से रूबरू हुए। जब उनसे यह पूछा गया कि भोले ने कौन से अपराध छुपाए तो उनका कहना था कि वे बांदा के रहने वाले हैं। इन पर जानलेवा हमला और हत्या के मामले हैं, जो इन्होंने छिपाए। इसी कारण उनको पार्टी से बाहर किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और सपा पूंजीपतियों की पार्टी है। सिर्फ बसपा ही गरीबों की पार्टी है। उन्होंने जिले में 17 फरवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती के आगमन को लेकर भी चर्चा की और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर मुख्य जोन कोआर्डिनेटर अमरेंद्र बहादुर भारती, विधायक सुखदेव प्रसाद वर्मा, बसपा सदर प्रत्याशी समीर त्रिवेदी, खागा प्रत्याशी सुनील गौतम, जिलाध्यक्ष सीताराम गौतम, प्रदीप गर्ग, बम लहरी, मोहम्मद आसिफ, सुरेश कोरी, दिनेश तिवारी खलीफा, मनीष कुमार उर्फ रिंकू तिवारी मौजूद रहे।