फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब पीएम पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजना के तहत सप्ताह में एक दिन सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन दिया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को गुड़–मूंगफली की पट्टी वितरित की जाएगी। बीएसए भारती त्रिपाठी ने इस संबंध में सभी संबंधितों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
पीएम पोषण योजना के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक छात्र को सप्ताह में एक दिन 20 ग्राम सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन दिया जाना है। गुरुवार को अवकाश होने पर इसका वितरण अगले कार्य दिवस में किया जाएगा। यह सामग्री विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले ही बच्चों को उपलब्ध कराई जाएगी।
बीएसए ने कहा कि यदि पैक्ड सामग्री दी जाती है तो वह एफएसएसएआई मार्क वाली होनी चाहिए तथा एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से अंकित हो। वितरण की पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी कर सुरक्षित रखी जाएगी।
निर्देश के अनुसार सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों को 25 दिसंबर 2024 से मार्च 2026 तक कुल 13 कार्य दिवस में मूंगफली पट्टी का वितरण सुनिश्चित कराना होगा। सामग्री की खरीद पूर्व की भांति विद्यालय स्तर पर ही की जाएगी।