फोटो-14-विद्यालय में चालू हुए आरओ। संवाद
किशनपुर। कस्बे के सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्र आंदोलन के बाद विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह प्रार्थना सभा के बाद विद्यालय में लगाए गए दो नए आरओ युक्त वाटर कूलरों का शुभारंभ छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य की मौजूदगी में फीता काटकर किया।
उद्घाटन से पहले हल्दी-चंदन से स्वस्तिक बनाया गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शुभारंभ के बाद छात्र-छात्राओं ने ठंडा और शुद्ध पानी पीकर खुशी जताई। प्रत्येक वाटर कूलर की क्षमता 150 लीटर प्रति घंटा है। इससे विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और अवकाश के समय पानी के लिए लगने वाली भीड़ से भी राहत मिलेगी।
विद्यालय में पेयजल, शौचालय, पंखे और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद पहले कक्षाओं में पंखे लगाए गए हैं। शौचालयों की मरम्मत कराई गई और अब पेयजल व्यवस्था को भी बेहतर किया गया है।
प्रधानाचार्य लालबहादुर सिंह ने बताया कि विद्यालय की सुविधाएं सभी की हैं। इनका संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वच्छता बनाए रखने और पानी का सदुपयोग करने की अपील की।
फोटो-14-विद्यालय में चालू हुए आरओ। संवाद