परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए वर्ष 2015 कई सौगातें लेकर आ रहा है। शिक्षकों की कमी दूर होने से इन स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा। गणित और विज्ञान की गुणवत्तापरक शिक्षा की व्यवस्था होने से यहां से पढ़कर निकलने वाले बच्चे भी वैज्ञानिक, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बन सकेंगे।
जिले में 1903 प्राथमिक तथा 747 उच्च प्राथमिक स्कूल हैं। प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की जहां निहायत कमी है, वहीं उच्च प्राथमिक स्कूलों में विज्ञान और गणित विषय पढ़ाने के लिए शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है। यही कारण है कि परिषदीय स्कूलों से पढ़कर निकलने वाले बच्चे गणित और विज्ञान विषय में काफी कमजोर होते हैं।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी के कारण शैक्षिक गुणवत्ता पूरी तरह से ध्वस्त है। बड़ी तादाद में स्कूल एकल और शिक्षक विहीन हैं। सैकड़ों की छात्र संख्या वाले इन स्कूलों में पढ़ाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। इस समय जिले में करीब साढ़े पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति है, जबकि आवश्यकता 8000 की है। ऐसी हालत में शैक्षिक गुणवत्ता प्रभावित होना स्वाभाविक है।
नए साल में तमाम शिक्षकों की नियुक्ति होने वाली है। 1753 शिक्षामित्रों का पत्राचार प्रणाली से दूरस्थ बीटीसी का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और इनके सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम भी घोषित हो चुका है। जल्द ही इन सभी शिक्षामित्रों का प्राथमिक में सहायक अध्यापक पद पर समायोजन हो जाएगा। इनके अलावा तीसरे बैच में प्रशिक्षण ले रहे ढाई सौ शिक्षामित्रों का प्रशिक्षण जून में पूरा होगा। यह भी जुलाई महीने में सहायक अध्यापक बनाए जा सकते हैं।
इनके अलावा टीईटी मेरिट से हो रही 72 हजार टीचरों की भर्ती में जिले में 12 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने वाली है। नए साल के पहले महीने में इनकी नियुक्ति हो जाएगी। इनके अलावा उच्च प्राथमिक स्कूलों में गणित विषय के 258 तथा इतने ही विज्ञान शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। कोई अड़ंगा नहीं लगा तो इनकी नियुक्ति नए वित्तीय वर्ष के पहले हो सकती है।
इतना ही नहीं प्रदेश में शुरू 15 हजार बीटीसी शिक्षकों की भर्ती में जिले में 250 शिक्षक भर्ती किए जाने हैं। इनका विज्ञापन प्रकाशित हो चुका है। इनकी भर्ती प्रक्रिया भी नए वित्तीय वर्ष के पहले पूरी होने की संभावना है। इसके अलावा उच्च प्राथमिक स्कूलों के लिए 65 अनुदेशकों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है।