फतेहपुर। मलवां और हुसैनगंज थाना क्षेत्र में दो किशोरियों की शादी परिजन करा रहे थे। चाइल्ड लाइन टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शादियों को रोक दिया। किशोरियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। यहां कागजी कार्रवाई कर परिजन के हवाले कर दिया गया।
नगर कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय के अनुसार चाइल्ड लाइन टीम के सहयोग से मलवां और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के दो गांवों में होने वाली किशोरियों की शादियां समय रहते रुकवाई गईं। दोनों विवाह वर और वधू पक्ष की सहमति से किए जा रहे थे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ऋशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पहली सूचना मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव से मिली। यहां 16 वर्ष 11 माह की किशोरी की शादी शहर के एक गेस्ट हाउस में की जा रही थी। दूसरी सूचना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से मिली। यहां 17 वर्षीय किशोरी का विवाह उसके घर से किया जा रहा था।
दोनों मामलों में किशोरियों के परिजन से शपथ पत्र लिया गया कि उनकी बेटियों की शादी केवल बालिग होने के बाद ही की जाएगी। गेस्ट हाउस संचालकों, धर्मशाला संचालकों और धर्मगुरुओं से भी अपील की गई कि वह बाल विवाह से संबंधित सूचनाएं दें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।