फतेहपुर। लॉकडाउन के बीच कोरोना कंट्रोल की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रभारी मंडलायुक्त आर रमेश और डीआईजी केपी सिंह बुधवार को जिले में आए। उन्होंने क्वारंटीन के लिए तैयार किए गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थरियांव का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने राशन वितरण का भी जायजा लिया।
खागा प्रतिनिधि के मुताबिक प्रभारी मंडलायुक्त आर रमेश और डीआईजी केपी सिंह ने ऐरायां ब्लाक के कटोघन, पुरइन गांव की सरकारी राशन की दुकानों पर जाकर वितरण व्यवस्था देखी। वितरण संतोषजनक पाया गया। इसके बाद गरीबों और बाहर से आने वाले बाहरी मजदूरों को भोजन कराने वाले होटल जायका में बन रहे भोजन की गुणवत्ता को भी देखा।
ड्यूटी में रहने वाले चिकित्सकों की टीम के रुकने के लिए चिन्हित किए गए यशराज रिसॉर्ट का भी निरीक्षण किया। एडशिनल कमिश्नर भगवत शरण पटेल, एसडीएम विजय शंकर तिवारी और तहसीलदार शशिभूषण मिश्र भी रहे। थरियांव प्रतिनिधि ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए तैयार किए गए सीएचसी थरियांव का निरीक्षण अफसरों ने किया।
क्षेत्र के सम्मानित व्यक्तियों को बुलाकर ट्रेनिंग हुई। ट्रेनर प्रताप सिंह व महिला ट्रेनर ज्योति सिंह ने लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाकर बैठाया और कोरोना से बचाव के तरीके बताए। इसे देखकर मंडलायुक्त ने पीएचसी स्टाफ की तारीफ की। प्रभारी डॉ. अनुपम ने प्रयागराज मंडल से आए मंडलायुक्त का सैनिटाइजर से हाथ धुलवाने के बाद निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान वार्डों की स्थिति देखी गई।