सीएचसी में राज्यमंत्री के औचक निरीक्षण के बाद शनिवार को सीएमओ भी निरीक्षण करने पहुंचे। कई जगह खामी मिलने पर सीएचसी इंचार्ज को फटकार लगाई। डाक्टरों को सीएचसी परिसर में बने आवासों में रहने का निर्देश दिया। वहीं अक्सर नदारद रहने वाली महिला डाक्टर की रिपोर्ट तलब की।
बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश के स्वास्थ्य एवं आईटी राज्यमंत्री सुधीर रावत ने सीएचसी का निरीक्षण किया था। उन्होंने अव्यवस्था पर काफी नाराजगी जताई और सीएमओ व सीएमएस को भी आड़े हाथों लिया था। अब सीएमओ विनय कुुमार पांडेय, एसीएमओ एलआर सचान ने एक साथ सीएचसी बिंदकी का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, भ्रमण, हाजिरी, स्टाक, डिलेवरी आदि रजिस्टरों को देखने के बाद चिकित्साधिकारी मो. इश्तियाक को फटकार लगाई। सीएमओ ने कई बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश एसीएमओ को दिए। सीएचसी इंचार्ज से कहा कि परिसर में बने आवासों पर जो न रुके उसकी रिपोर्ट भेजें, कार्रवाई की जाएगी। यहां गत माह संविदा में तैनात की गई महिला डाक्टर ममता गुप्ता के अक्सर अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने कहा कि उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत रिपोर्ट भेजें ताकि हमेशा के लिए छुट्टी की जा सके। उन्होंने लेडी डाक्टर लक्ष्मी सिंह को भी तलब कर उनसे पूछताछ की और ठीक ढंग से प्रसव पीड़िताओं का इलाज करने की हिदायत दी। इस मौके पर सीएचसी में डा. पंकज अवस्थी, डा.नीरज गुप्ता व कर्मचारी मौजूद रहे।
इनसेट:
सीएचसी को माडर्न बनाने का प्रयास
सीएमओ विनय कुमार पांडेय ने कहा कि बिंदकी सीएचसी को सभी सुविधाओं से युक्त कर माडर्न सीएचसी बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। यहां आपरेशन उपकरण, सर्जन सहित लगभग सभी डाक्टरों की तैनाती की गई है। कुछ डाक्टरों की लापरवाही के चलते सीएचसी का यह हाल है। अब लापरवाह डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ व एसीएमओ ने औचक निरीक्षण किया
सीएचसी का निरीक्षण करने आए सीएमओ विनय पांडेय ने जाते समय नर्सिंग होम चला रहे झोला छाप डाक्टरों के यहां छापेमारी की। इससे नगर के क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। दुकानों के शटर गिराकर संचालक इधर-उधर हो गए। पहले सीएमओ व एसीएमओ ललौली रोड स्थित एक नर्सिंग होम व पैंगबरपुर, मुगलरोड के कई झोलाछाप डाक्टरों के क्लीनिक में गए ,लेकिन उनके पहुंचने के पहले किसी ने सूचना कर दिया। जिससे दुकानों का शटर गिरा कर इनके संचालक इधर- उधर हो गए।