एक लंबे समय से चल रही मांग मंगलवार को पूरी हुई। गोरखपुर से कानपुर तक दौड़ने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस का बिंदकी रोड स्टेशन पर ठहराव हुआ। सजा हुआ इंजन और भाजपाइयों के हुजूम के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने पहले ट्रेन को रोका फिर ठहराव के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीआरएम संजय कुमार पंकज, कई रेलवे अफसर व कर्मी भी रहे और जनसभा कर रेलवे के विस्तार की जानकारी दी।
मंगलवार को बिंदकी रोड रेलवे स्टेशन पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के ठहराव का नजारा देखने के लिए करीब आधा घंटा पहले ही काफी लोग पहुंच गए। क्षेत्रीय जनता, व्यापारी, छात्र-छात्राओं, एमएसटी होल्डरों की भीड़ एकत्र हो गई। स्टेशन पर बीस मिनट देरी से ट्रेन इलाहाबाद की ओर से प्लेटफार्म नंबर तीन पर आई। ट्रेन रुकते ही तालियों की गड़गडाहट होने लगी।
साध्वी निरंजन ज्योति ने दो मिनट ठहराव के बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को कानपुर की ओर रवाना किया। इसके बाद आयोजित समारोह में साध्वी ने कहा कि चुनाव के समय किया गया उनका एक वादा और पूरा हुआ। मोदी सरकार में कई नई रेलवे लाइनें प्रस्तावित हैं, उनमें काम शुरू होते ही बिंदकी-इटावा लाइन का काम भी शुरू कराया जाएगा।
डीआरएम ने कहा कि चौरीचौरा का ठहराव छह माह के लिए ट्रायल पर किया गया है। यदि व्यवसाय अच्छा मिलता रहा तो ठहराव बंद नहीं होगा। इसके बाद संगम एक्सप्रेस के ठहराव पर भी विभाग विचार करेगा। उन्होंने इंटरसिटी विलंब से आने के सवाल पर कहा कि रेलवे बोर्ड से एक गाड़ी की और मांग की गई है।
इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई, पूर्व मंत्री राजेंद्र पटेल, भाजपा नेता अवधेश मिश्रा, योगेंद्र सिंह, रमाकांत त्रिपाठी, प्रधान कल्यान सिंह, अंकित मिश्रा, रमेश परिहार, महेंद्र सिंह के अलावा वरिष्ठ मंडल प्रबंधक अन्नू त्रिपठी, एसके श्रीवास्तव, एसके गुप्ता, अंशू पांडेय समेत रेलवे कई अफसरों ने विचार व्यक्त किए।