फोटो-01-फुटपाथ पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई करती यातायात पुलिस। संवाद
चौडगरा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को यातायात पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने चौडगरा से टोल प्लाजा तक 12 किमी के दायरे में अभियान चलाया।
हाईवे किनारे, ओवरब्रिज की सर्विस रोड और अंडरपास में खड़े भारी वाहनों, ई-रिक्शों और अतिक्रमण कर रही रेहड़ियों व ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी लालजी सविता के नेतृत्व में करीब 10 ट्रकों की जांच कर चालान किया गया।
अधिकारियों ने चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाईवे या सर्विस रोड पर वाहन खड़ा करना सख्त मना है, क्योंकि इससे हादसों की आशंका बढ़ती है। उन्होंने बताया कि अब इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।