फतेहपुर। कोरोना टीकाकरण के पहले चरण के दूसरे राउंड में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सारा दिन सत्र केंद्रों में जश्न का माहौल दिखा।
गुरुवार देर शाम पहले राउंड के छूटे फ्रंट लाइन वर्कर को भी टीका लगाने का लक्ष्य मिलने से कुछ सत्र केंद्र का लक्ष्य बढ़ा दिया गया। इस लक्ष्य की भरपाई के लिए तयशुदा वक्त से अलहदा देर तक टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने आठ इकाई के 10 सेंटर के 12 कोरोना बूथ में कोरोना का टीका लगाया गया। इस राउंड में शामिल स्वास्थ्य और बाल विकास परियोजना विभाग के जोश ने कोरोना के टीके को लेकर समाज की भ्रांतियों को सिरे से खारिज कर दिया।
हालात यह रहे कि टीका लगवाने के बाद फ्रंटलाइन वर्कर टीका कार्ड को दिखाने से लेकर सेल्फी लेते नजर आए। सत्र केंद्रों के बाहर जमा लोग अपनी अपनी जिज्ञासाएं शांत करते दिखाई दिए।
डीएम-एसपी ने लिया टीकाकरण का जायजा
डीएम अपूर्वा दुबे ने दूसरे राउंड के टीकाकरण पर सीधी नजर रखी। वह कप्तान सतपाल अंतिल को साथ लेकर कई सेंटर का दौरा किया। उन्होंने टीकाकरण करने वाले कार्मिकों से अनुभव जानें। सीएमओ जीके माहेश्वरी ने भी टीकाकरण का हाल जाना। नोडल अफसर डॉक्टर इस्तियाक अहमद भी अपनी टीम में जोश भरते देखे गए।
अचानक लक्ष्य में 300 की ओर बढ़ी संख्या
टीकाकरण प्रक्रिया में 2000 का टीकाकरण होना था। गुरुवार की शाम शासन से छूटे हुए कार्मिकों को दूसरे राउंड की सूची का हिस्सा बना दिया गया। सीएमओ ने बताया कि 300 नाम पहले राउंड के अतिरिक्त सूची में जुड़ जाने से जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और पीपी सेंटर समेत हुसैनगंज का लक्ष्य बढ़ गया।
किस सत्र केंद्र में कितना हुआ टीकाकरण....
सत्र केंद्र लक्ष्य टीकाकरण
पुरुष अस्पताल 121 97
महिला अस्पताल 120 99
पी पी सेंटर 118 101
ओग अस्पताल 371 281
हुसैनगंज 300 287
हस्वां 200 201
खागा 200 183
हथगाम 226 204
अमौली 200 189
गोपालगंज 100 92
गाजीपुर 276 175
बहुवा 200 184
महिला कार्मिकों ने बढ़ाया ग्राफ
जिले में कोरोना टीकाकरण की कमान आधी आबादी ने बखूबी संभाली। 2318 के लक्ष्य पर 1994 ने टीका लगवाया। जिसमे महज 235 पुरुष ही आगे आएं जबकि 1759 महिला कार्मिकों का टीकाकरण हुआ।
टीका लगने के बाद आशा बहू बेहोश
खागा। सीएचसी हरदो में शुक्रवार को टीकाकरण के दौरान टीका लगने के बाद विक्रमपुर की आशा बहू लक्ष्मी देवी बेहोश हो गई। उसका स्वास्थ्य केंद्र में ही उपचार हुआ। करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया और घर भेजा गया। टीकाकरण डिप्टी सीएमओ भूपेश द्विवेदी की देखरेख मे हुआ। एसडीएम प्रहलाद सिंह भी टीकाकरण का जायजा लिया।
जिला महिला अस्पताल में कोराना टीका लगवाने के इंतजार में बैठीं आशा बहू- फोटो : FATEHPUR
जिला पुरुष अस्पताल में टीकाकरण करते स्वास्थ्य कर्मी- फोटो : FATEHPUR