फतेहपुर। खागा कोतवाली और ललौली थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी व जेवर समेत कीमती सामान पार कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ललौली थाना क्षेत्र के गंगईपर गांव निवासी ननकई शुक्रवार रात पत्नी चंदा देवी के साथ घर में ताला बंद कर खेत गए थे। शनिवार सुबह लौटे तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चंदा देवी ने बताया कि चोर बक्से से जेवर और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
उन्होंने एक लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी की तहरीर दी है। चंदा देवी ने गांव निवासी रोहित लोधी पर चोरी का शक जताया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
वहीं खागा कोतवाली क्षेत्र के बाला का पुरवा मजरे उमरा गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि वह शुक्रवार को रिश्तेदार के घर गया था। घर में मां, पत्नी सुधा और बेटा राजन खाना खाने के बाद सो रहे थे।
तभी चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर कमरे तक पहुंचे और उसका बैग चोरी कर लिया। आहट होने पर पुत्र राजन की नींद खुल गई। शोर मचाने पर चोर बैग लेकर भाग निकले। कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।