असोथर। बाइक की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को फंदे से लटकाकर मार डालने का पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गाजीपुर थाने के परसादतारा निवासी अरविंद तिवारी ने पुत्री निधि (23) की शादी 26 जनवरी 2023 को अंबुज उर्फ प्रशांत पुत्र सुरेश शुक्ला निवासी बेसड़ी थाना असोथर के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराली दहेज में अपाचे बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पुत्री को उसका पति, जेठ अंकज उर्फ विनय, जेठानी गुड़िया, जेठ नीरज व उसकी पत्नी परेशान व प्रताड़ित करते थे। दामाद ने 27 सितंबर की शाम पुत्री के फंदा लगाकर खुदकुशी की खबर दी। वह मौके पर पहुंचा। लोगों से पता लगा कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे फंदे पर लटकाकर मार डाला है। प्रभारी निरीक्षक विनोद मौर्या ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।