असोथर। थाना क्षेत्र के रामनगर कौंहन गांव में बिजली पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहे एक युवक की रविवार दोपहर करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामनगर कौंहन निवासी हरपाल (35) असोथर उपकेंद्र के जरौली फीडर में लाइनमैन के सहयोग में फाल्ट सुधारने का काम करता था। असोथर विद्युत उपकेंद्र के जरौली फीडर से रामनगर कौहन कंसापुर को जाने वाली विद्युत लाइन का तार टूट गया था। तार जोड़ने के लिए हरिपाल और कंसापुर निवासी रमेश पासवान ने लाइनमैन रामकिशोर से शटडाउन लिया। शटडाउन नहीं हो सका था। हरपाल पोल में चढ़कर तार जोड़ने लगा। उसकी तार छूते ही करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद साथी रमेश पासवान मौके से भाग निकला। हरपाल के भाई छत्रपाल ने आरोप लगाया है कि रमेश के कहने पर भाई पोल में चढ़ा था। रामकिशोर ने शट डाउन नहीं दिया। इसी वजह से भाई की जान गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जेई जितेंद्र पाल ने बताया कि हरपाल का विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। किसके कहने से तार जोड़ रहा था, इसकी जानकारी नहीं है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।