फतेहपुर। नए साल का जश्न मनाकर लौट रहे कानपुर के युवाओं की कार रात लगभग तीन बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसके छह साथी घायल हुए। उनको कानपुर रेफर किया गया है।
कानपुर चकेरी थाने के अहिरवां निवासी राम सिंह का बेटा भूपेंद्र कुशवाहा (18), विजय का बेटा प्रमोद (28), उमाशंकर का बेटा सौरभ (23), बलराम का बेटा रोशन (18), रामकुमार का बेटा अमित (24), राधेकृष्ण का बेटा विशाल (24), अंबिका का बेटा पप्पू (25) कार से बिंदकी के काशी कांप्लेक्स नए साल का जश्न मनाने आए थे। वे लोग रात लगभग तीन बजे घर लौट रहे थे।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा बिंदकी हाईवे पर पहुर गांव किनारे अचानक इनकी जाएलो कार अनियंत्रित हो गई। बेकाबू कार खेत में पलट गई। आसपास के लोगों की सूचना पर चौडगरा चौकी इंचार्ज आरके यादव पहुंचे।
पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने भूपेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को कानपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना पर भूूपेंद्र के भाई उपेंद्र, नागेंद्र मार्च्युरी हाउस पहुंचे। परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र सबसे बड़ा था। वह पुलिस की तैयारी कर रहा था। पिता राम सिंह कृषि कार्य करते हैं।
कंटेनर से कुचल कर फैक्टरी कर्मी की मौत
औंग। फैक्ट्री से घर जा रहे बाइक सवार कर्मी को मंगलवार रात कंटेनर ने कुचल दिया। कंटेनर में फंसी बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। औंग थाने के बड़ाहार गांव निवासी श्रीपाल का बेटा रॉकी (30) रहसूपुर स्थित फैक्ट्री का कर्मी था। घर जाते वक्त हाजीपुर मोड़ पर पहुंचा था, तभी उसे कंटेनर ने कुचल दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
एसओ राकेश मौर्या ने बताया कि कंटेनर इलाहाबाद से कानपुर की ओर जा रहा था। चालक हादसे के बाद कंटेनर छोड़कर झाड़ियों में छिप गया था। बाद में पुलिस ने चालक को पकड़ लिया।
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार घायल
बिंदकी। कानपुर देहात क्षेत्र के सिकंदरा निवासी रमेश कटियार का बेटा मनीष (27) बाइक से बिंदकी होते हुए चौडगरा की ओर जा रहा था। कोतवाली क्षेत्र के पहरावापुर गांव के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। हेलमेट नहीं मिला। सिर में भी चोट लग गई। सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया है।
फैक्टरी कर्मी जख्मी
चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी धनीराम साहू चौडगरा कस्बे में फैक्ट्रीकर्मी है। वहां से किसी काम से बाहर निकले तभी किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गया। उसे गोपालगंज पीएचसी से कानपुर रेफर किया गया। ब्यूरो