असोथर। थानाक्षेत्र में प्रेममऊ कटरा पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार रात कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इससे तीन लोग घायल हो गए। बाइक फिसलने से एक युवक भी घायल हो गया। घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने दो की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर किया है।
सरकंडी गांव के मुन्नू सिंह का डेरा निवासी छोटू सिंह (19) बुआ को लौंगांव छोड़कर घर लौट रहा था। कटरा पेट्रोल पंप के पास गाजीपुर की ओर से आ रहे कार सवार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार तालाब किनारे गिरने से घायल हो गया।
भागते समय कार चालक ने बाइक से असोथर से लौट रहे गढ़ीवा निवासी महेंद्र (42) व पत्नी सुमन देवी (40) को भी टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर सुमन का भतीजा शिवम शिवहरे (25) मौके पर जा रहा था। वह कटरा स्थित हनुमान मंदिर के पास बाइक फिसलने से गिर गया। घायल छोटू और महेंद्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।