फतेहपुर। पुलिस आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस लाइन में एएसपी/नोडल अधिकारी विजय शंकर मिश्रा व एडीएम अविनाश त्रिपाठी ने कर्मियों को ड्यूटी दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में हर शिफ्ट में तीन हजार परीक्षार्थी शामिल हैं। अभ्यर्थियों की चेकिंग बायोमैट्रिक आधार के जरिए होगी। काफी अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र का आधार से सत्यापन नहीं कराया है। सभी केंद्रों में सत्यापन किया जाएगा। ई केवाईसी के दौरान आंख की पुतलियों से भी सत्यापन होगा। हर केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर रैंक का पुलिस अधिकारी व भारी पुलिस बल लगाया गया है।