फतेहपुर। पति को पिटने से बचाने पहुंची महिला के साथ मारपीट कर उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी की गई। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट, छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
असोथर थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली अनुसूचित जाति की महिला ने एफआईआर में बताया कि 23 अक्तूबर 2022 की रात पति गांव में परचून की दुकान से सामान लेने गए थे। दुकान के सामने गांव के कल्लू सिंह, राहुल सिंह बैठे थे। पति को देखकर दोनों गालीगलौज करने लगे। विरोध पर पति को जातिसूचक शब्द बोलकर मारापीटा। स्पीड ब्रेकर पर पति का सिर भिड़ाकर पीटा। शोर सुनकर वह पुत्री को लेकर बीच बचाव के लिए पहुंची तो कल्लू सिंह ने पुत्री को पीटा और उसके कपड़े फाड़कर अश्लील हरकत की। गांव के तमाम लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण कोई गवाही को सामने नहीं आया। पुलिस ने 29 अक्तूबर को पति का मेडिकल परीक्षण कराया। इलाज के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तभी कोर्ट की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों पर छेड़खानी, मारपीट, गाली गलौज, एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।