बिंदकी में बने बस स्टॉप के अंदर बांदा डिपो की बसों
को न ले जाने से यात्रियों में नाराजगी है। अधिकारियों से शिकायत करने के
बाद भी चालकों, परिचालकों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हो रहा है। यहां
चल रही दो दर्जन से अधिक बसों के चालक गांधी चौराहा पर ही बसों को खड़ा कर
सवारियां भरते हैं।
नगर बिंदकी जनपद का प्रमुख व्यवसायिक केंद्र है।
बांदा डिपो की दो दर्जन बसें बिंदकी से कानपुर व बांदा के लिए चलती हैं।
यहां यात्रियों की सुविधा के लिए बने स्टॉप पर हैंडपंप, शौचालय छाया के लिए
टीन शेड, कैंटीन आदि सुविधाएं सरकार ने मुहैया करा रखा है।
यहां से बांदा,
कानपुर, हमीरपुर, घाटमपुर आदि स्थानों से व्यापारियों का आना जाना बना
रहता है। बिंदकी से सवारियां भी काफी संख्या में निकलती हैं। बांदा डिपो की
चल रही तीस बसें पहले गांधी चौराहे के नजदीक महरहा रोड में स्थित बस
स्टैंड के अंदर जाकर खड़ी होती थीं। जहां सवारियां उतारने व वहीं से
सवारियां भरने का काम किया जाता था।
विगत एक वर्ष से बांदा डिपो के चालक व
परिचालक बसों को स्टैंड के अंदर नहीं ले जाते हैं। इस वजह से यात्रियों को
पानी, लघुशंका के लिए परेशान होना पड़ता है। बस स्टॉप के अंदर सवारियां
बसों का घंटों इंतजार करती रहती है और बसें गांधी चौराहे से बाहर ही बाहर
निकल जाती हैं।
एआरएम बांदा मुशीर अहमद ने कहा कि अभी तक मामला संज्ञान में
नहीं था। सभी चालकों को बस स्टॉप के अंदर बसों को ले जाने के निर्देश दिए
जाएंगेे। इसके बाद भी यदि बसें अंदर नहीं गईं तो जांच कराकर कार्रवाई की
जाएगी।