कचहरी गेट के पास गुमटी हटाते पालिका कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए पालिका प्रशासन का अभियान जारी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को बुलडोजर गरजा तो अतिक्रमण साफ हो गया। अभियान के दौरान अफरातफरी का माहौल रहा।
शहर में अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है। सबसे ज्यादा अतिक्रमण चौक, बांदा- सागर मार्ग और बाकरगंज के आसपास है। इसको लेकर कई बार जिलाधिकारी से मांग की जा चुकी है। बुधवार को उप जिलाधिकारी मोहम्मद कमर टीम के साथ डीएम चौराहे पहुंचे। यहां से पालिका की टीम ने सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर लगी गुमटियां हटवाई और बैनर, टीन शेड भी हटवा दिए। डीएम चौराहे से पत्थर कटा चौराहा तक अतिक्रमण हटाया गया। पत्थरकटा चौराहे से टीम ने पटेलनगर तक मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण हटवाए।
अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद अली ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के पहले व्यापारियों को सूचना दी जा रही है। इसलिए कार्रवाई से बचना है तो स्वयं अतिक्रमण हटवा लें। बताया कि गुरुवार को पटेलनगर से शादीपुर और फिर आईटीआई रोड में अतिक्रमण हटवाया जाएगा। इस दौरान सफाई निरीक्षक आबिद अली, कोतवाल आरके पांडेय फ ोर्स के साथ मौजूद रहे।