असोथर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय महासचिव
- फोटो : अमर उजाला
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भगवान राम व पत्नी के नहीं हुए, तो जनता के क्या होंगे? उनकी सच्चाई ढाई साल के कार्यकाल में लोग जान चुके हैं। 100 दिन में अच्छे दिन की बात करने वाले एक हजार दिन में भी अच्छे दिन नहीं ला सके हैं।
हुसैनगंज विधान सभा के हथगाम स्थित बीआरसी दफ्तर के पास मौहाई बाग में चुनावी जनसभा में राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि भाजपा ने लोगों को अच्छे दिन तो नहीं दिए, लेकिन नोटबंदी कर बैंक के बाहर किसान, गरीब मजदूरों की लाइन लगा दी है। प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो आरक्षण समाप्त हो जाएगा।
कांग्रेस-सपा के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ने प्रदेश में माफियाओं के बलबूते पर पांच साल बिता दिए। अराजक तत्वों, माफियाओं का बोलबाला रहा है। भाजपा और सपा एक पहलू के दो सिक्के हैं। तभी तो सैफई में पीएम मोदी की आरती उतारी जाती है। उन्होंने जनता से प्रत्याशी मोहम्मद आसिफ को फिर से जिताने की अपील की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सीताराम गौतम, हीरालाल पासवान, मुन्नालाल गौतम, सलमान अहमद, मुहिद्दीन एडवोकेट मौजूद रहे। अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के असोथर में हुई चुनावी सभा को भी बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने संबोधित किया। इस मौके पर क्वार्डिनेटर राजू गौतम, जिलाध्यक्ष सीताराम गौतम, वीरप्रकाश लोधी, बमलहरी, कमलेश गौतम, रमेश चंद्र पासवान, कामता पासवान आदि मौजूद थे।