बीएससी छात्रा ने फांसी लगा दी जान - कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरदौरपुर गांव में हुई घटना - परिजनों ने कहा घरेलू मामले में दिया था डांट संवाद न्यूज़ एजेंसी चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरदौरपुर गांव में बीएससी की एक छात्रा ने बुधवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों को सुबह जानकारी हुई। पिता का कहना है कि एक घरेलू मामले में बेटी को डांट दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हरदौरपुर गांव में रहने वाले अर्जुन सिंह की कस्बा चौडगरा में चाय, पकौड़े की दुकान है। उनकी बेटी मानसी उर्फ श्रेजल( 19) ने कमरे में पंखे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों ने बताया कि सुबह पांच बजे देखा गया कि मानसी घर के एक कमरे में फांसी पर लटकी हुई है। यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता अर्जुन सिंह ने पुलिस को सूचना दी।चौकी प्रभारी देवीदयाल वर्मा ने बताया कि जब वह पहुंचे तो परिजन शव को फंदे से उतार चुके थे।पिता ने दी तहरीर में बताया कि मानसी चौडगरा के एक महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। कुछ दिन पहले घरेलू मामले में थोड़ा डांट दिया था, तब से मायूस रहती थी। शादी के लिए ग्रेजुएशन पूरा होने का इंतजार कर रहा था। मानसी चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की थी। बड़ी बहन बंदना की शादी हो चुकी है। दो भाई रजत व शुभम हैं। मां रीता देवी का रो रोकर हाल बेहाल हो गया है।