फाइल फोटो-35-जयप्रकाश। स्रोत परिजन
बिंदकी। रुपयों के लेनदेन के चलते जहर खाकर जान देने वाले व्यक्ति ने सुसाइड नोट में अपनी मौत के लिए बड़े भाई और भाभी को जिम्मेदार बताया है। उन पर 21 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मीरखपुर निवासी जयप्रकाश साहू (51) ने शनिवार को जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल और बाद में कानपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शनिवार रात कानपुर में जयप्रकाश की मौत हो गई।
रविवार को सोशल मीडिया पर जयप्रकाश का सुसाइड नोट वायरल हुआ। इसमें उसने बड़े भाई ओमप्रकाश साहू और उसकी पत्नी अर्चना साहू पर आरोप लगाए हैं। नोट के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उसे अचानक कारखाने से अलग कर दिया गया था।
इसके बदले 21 लाख देने की बात कही गई थी। कारखाने से हटने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। आरोप है कि डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी रकम नहीं दी गई। लंबे समय तक बेरोजगार रहने के कारण अवसाद में आकर आत्महत्या करने की बात भी नोट में लिखी है।
पत्नी नीलम ने बताया कि यह उसके पति का सुसाइड नोट है। कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि परिजन कोतवाली आए थे। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फाइल फोटो-35-जयप्रकाश। स्रोत परिजन