फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के रमवां के समीप ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में भाई ने ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के चकरसूलपुर गांव निवासी रामअवध का पुत्र संजय वर्तमान में ससुराल झब्बापुर में रह रहा था। बुधवार रात रमवां गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजन से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।
युवक के भाई अनुज ने आरोप लगाया कि भाभी रश्मि संजय पर झब्बापुर स्थित मकान में रहने का दबाव बनाती थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और रश्मि के मामा व भाई जान से मारने की धमकी देते थे।
युवक की पत्नी रश्मि ने बताया कि शादी में उसके मामा-मामी ने प्लॉट दिया था जिसे देवर अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। उनकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी और वर्ष 2024 से दोनों उसी प्लॉट पर बने मकान में रह रहे थे।
रश्मि का कहना है कि जनवरी में ननद, ननदोई और सास उसके बच्चे को स्कूल से अपने साथ ले गए थे। एसपी से शिकायत के बाद महिला थाने की मदद से बच्चा वापस मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पति गांव गए थे जहां परिजन की प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने जान दे दी। थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।