बहुआ। बांदा-कानपुर हाईवे पर ललौली कस्बे में मौरंग लदे ओवरलोड दो ट्रकों के एक्सल और कमानी टूट गई। इस दौरान बुधवार रात 10 बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक करीब 10 घंटे जाम लगा रहा। इससे सैकड़ो वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ललौली कस्बे में बस स्टाप के पास और सोसाइटी के पास ओवरलोड दो ट्रकों के एक्सल और कमानी टूट गई। इस दौरान जाम लगने से बंधवा से लेकर चिल्ला पुल तक सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। कई रोडवेज बसें भी जाम लगने से खड़ी हो गई। सुबह मिस्त्री बुला कर बिगड़े ट्रकों को ठीक कराने के बाद हाइवे से जाम खुल सका। स्थानीय लोगो ने बताया कि ललौली से लेकर बहुआ तक सड़क में गड्ढों की भरमार हैं। गड्ढों के न भरने से लोगों को आए दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ओवरलोड भारी वाहनों के आवागमन से सड़क की दुर्दशा हो रही है। (संवाद)