फतेहपुर। टेंट कारोबारी के बेटे के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इससे पहले एक्सरे हुआ। पोस्टमार्टम में काफी तलाश के बाद भी गोली नहीं मिली। कॉटेज केस मिला है। जिससे गोली तमंचे की होने की पुष्टि हुई। गोली ब्रेन को फाड़कर पार हो जाना माना गया है। उधर, गांव में पूरे दिन मातमी माहौल रहा। ग्रामीण शव आने का इंतजार करते दिखे। देर में शव पहुंचने के कारण अंतिम संस्कार नहीं हो सका। परिजन यमुना किनारे गुरुवार को शव का अंतिम संस्कार करेंगे।
किशनपुर थाने के नरैनी गांव निवासी संतोष कुमार सविता टेंट कारोबारी हैं। उनके बेटे संदीप सविता ने मंगलवार को कनपटी में सटाकर तमंचे से गोली मार ली थी। उसकी कानपुर हैलट लेकर जाते समय रास्ते में सांसें थम गई थीं। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। घटना के पीछे पिता से विवाद होना सामने आया था। पुलिस ने पिता की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली ब्रेन को फाड़कर निकल जाना सामने आया। ब्रेन में काटेज केस(गोली का ढका हुआ भाग) का टुकड़ा फंसा मिला है। टुकड़ा 312 बोर की गोली का माना जा रहा है। इधर पुलिस ने संदीप पर तमंचा बरामदगी की एफआईआर दर्ज की है। एसओ आरके यादव ने बताया कि तमंचा बरामद की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।