फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के गांव संवत में लगे मेले में किशोर पर तेल से भरी खौलती कढ़ाई पलट गई। किशोर को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव संवत निवासी रामनरेश का पुत्र रिषभ (15) गांव के समीप मेला देखने गया था। वह पानी की तलाश में मिठाई की दुकान पर पहुंच गया। वहां जलेबी बनाने के लिए कढ़ाई में तेल खौल रहा था। धक्का लगने से कढ़ाई का खौलता तेल किशोर पर पलट गया। परिजन एंबुलेंस से तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर ने किशोर की हालत गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। (संवाद)
तमंचा, कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
फतेहपुर। खखरेरू पुलिस ने एक आरोपी को तमंचा और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। थाना खखरेरू के गांव पौली निवासी मोहम्मद अकरम का पुत्र मोहम्मद आरिफ (22) को गांव के ही शेखमरी बाबा मजार के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। (संवाद)