फतेहपुर। शहर के पीरनपुर स्थित जिला पशु चिकित्सालय के बाहर नाले से शुक्रवार सुबह दो दिन से लापता युवक का शव मिला। दोपहर बाद शव की पहचान हो सकी।
बहराइच जिले के ग्रेनपुर निवासी इसरार खान (34) पांच अगस्त से लापता था। वह साढ़ू शफीक के घर कबाड़ी मार्केट में करीब 13 वर्षों से रह रहा था। पशु चिकित्सालय के बाहर नाले से दुर्गंध आने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
नाले में युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी गई। यूपी 112 की ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया। चेहरे पर चोट के निशान मिलने से लोगों ने हत्या की आशंका जताई। दोपहर बाद पत्नी शबाना मोर्चरी पहुंची और उसने शव की पहचान पति के रूप में की।
शबाना ने बताया कि पति मजदूरी करता था। पति की मौत कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि चेहरे पर चोट के निशान कुत्तों के नोंचने जैसे लग रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी।