फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए 20 प्रतिशत परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ सकती है। कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का मानक पूरा कराने के लिए प्रत्येक परीक्षार्थी के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान आवंटित किया जाएगा। सोमवार को सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर सकते हैं।
माध्यमिक शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इस बार जिले से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 65570 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा 2020 में 66525 परीक्षार्थियों के लिए 109 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सामाजिक दूरी के मानक देखते हुए प्रत्येक परीक्षार्थी को बैठने के लिए 3.36 वर्ग फीट स्थान आवंटित करने का निर्णय लिया है, जबकि इसके पहली प्रत्येक परीक्षार्थी को दो वर्ग फीट बैठने के लिए स्थान का मानक निर्धारित था।
इससे साफ है कि 2021 बोर्ड परीक्षा में 20 फीसदी परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ना तय है। बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति में 10 जनवरी को केंद्रों की सूची जारी करने की तिथि तय थी, लेकिन विभागीय सूत्रों की मानें तो सोमवार को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होगी।
सूची अपडेट करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से सूची जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग केंद्रों की सूची अपडेट कर जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण कमेटी से अनुमोदित कराकर सचिव कार्यालय की वेबसाइट में लॉक करेगा। कार्यवाहक डीआईओएस उदय प्रभात का कहना है कि सोमवार तक परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हो सकती है।