फाेटो-08-जिला अस्पताल में मरीजों की लगी कतार। संवाद
- फोटो : फूलवती का फाइल फोटो
फतेहपुर। बढ़ती गर्मी का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप, उमस और अत्यधिक पसीना निकलने के कारण बीपी (ब्लड प्रेशर) घट-बढ़ रहा है। साथ ही घबराहट संग चक्कर भी आ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 40 से 50 मरीज इस तरह की शिकायतों के साथ इलाज और परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एनके सक्सेना ने बताया कि गर्मी में अधिक पसीना निकलने से शरीर से जरूरी लवण बाहर निकल जाते हैं। इससे पानी की कमी हो जाती है। इसका सीधा असर बीपी पर पड़ता है। कई लोगों का ब्लड प्रेशर अचानक कम हो जाता है जबकि पहले से उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि पहले ऐसे मरीजों की संख्या ओपीडी में 10 से 15 प्रतिदिन रहती थी लेकिन इन दिनों यह बढ़कर 40 से 50 तक पहुंच गई है। मरीजों में चक्कर आना, कमजोरी, घबराहट, बेचैनी, अधिक पसीना आना और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।
डॉ. एनके सक्सेना ने बताया कि पर्याप्त पानी न पीने से डिहाइड्रेशन की स्थिति बन सकती है। इससे रक्तचाप प्रभावित होता है। इसके कारण चक्कर आना, आंखों के सामने अंधेरा छाना और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बुजुर्गों, हृदय रोगियों, उच्च रक्तचाप के मरीजों और धूप में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
फाेटो-08-जिला अस्पताल में मरीजों की लगी कतार। संवाद- फोटो : फूलवती का फाइल फोटो