फतेहपुर। भाजपा नेता पंकज त्रिपाठी के पुत्र प्रज्वल त्रिपाठी से भूमि बिक्री के नाम पर 29 लाख की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर मलवां पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के फूलबाग निवासी प्रज्वल त्रिपाठी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि एक अगस्त 2025 को मलवां औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी के डायरेक्टर सौरभ दयाल के साथ जमीन खरीदने का एग्रीमेंट हुआ था। समझौते के तहत उन्होंने 29 लाख रुपये का भुगतान किया था।
प्रज्वल के अनुसार संबंधित संपत्ति पर बैंक का ऋण बकाया था। इस पर सहमति बनी थी कि बैंक मैनेजर की मौजूदगी में बकाया राशि जमा कराई जाएगी। तय रकम में से 25 लाख रुपये सौरभ दयाल ने बैंक में जमा भी कराए। इससे उनका ऋण खाता नियमित हो सके।
आरोप है कि पूरी रकम प्राप्त करने के बाद सौरभ दयाल अब संपत्ति बेचने से इन्कार कर रहे हैं और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दे रहे हैं। मलवां प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।