फतेहपुर। शराब दुकान के बाहर से नई बाइक चुराने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब खरीदने के बाद ऑनलाइन भुगतान किया। ऑनलाइन भुगतान के सहारे पुलिस उस तक पहुंची है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर भादर निवासी परवेश सिंह अपने मामा की बाइक लेकर 18 जून को गांव में दुकान से शराब लेने गया था। जहां से उसकी बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस की जांच में बाइक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। उसने भी दुकान से ऑनलाइन भुगतान कर शराब खरीदी थी। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुकान से ऑनलाइन भुगतान की जानकारी निकाली गई। जिसके आधार पर आरामपुर बसही तिराहे के पास से चेकिंग दौरान चोरी की बाइक के साथ राहुल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी कौशांबी जिला कोखराज थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी है। उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।