पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठे मृतक शिक्षक के परिजन। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
औंग (फतेहपुर)। कानपुर से ड्यूटी करने उन्नाव जा रहे बाइक सवार शिक्षक को सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। शिक्षक का सिर हेलमेट समेत ट्रक के टायर के नीचे आ गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कानपुर जिले के पाल्हेपुर गांव, नर्वल निवासी आलोक पांडेय (40) उन्नाव जिले के सेढुपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। वह सोमवार सुबह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। औंग हाईवे पर गोधरौली गांव के पास सामने से आ रहे भूसा लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिक्षक उछलकर हाईवे पर गिरे, तभी ट्रक का अगला टायर शिक्षक के सिर से गुजर गया।
हादसा होते देख आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त हेलमेट के अंदर कुचला सिर देखकर शव उठवाकर किनारे कराया। कुछ दूरी पर हादसा करने वाला भूसा लदा ट्रक पुलिस को खड़ा मिला। हादसे की सूचना पर मां रामा देवी और परिजन औंग थाने पहुंचे। मां की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक जयचंद्र भारती ने बताया कि ट्रक गलत दिशा से आ रहा था। वाहनों की सीधी टक्कर हुई है। हादसेे की जांच की जा रही है।
परिवार का इकलौता चिराग बुझा
मृतक आलोक मां-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी चार बहनें भारती, पूनम, किरन, अलका हैं। सभी बहनें शादीशुदा हैं। उनके पिता दिनेेश चंद्र पांडेय की पांच साल पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह मां रामा देवी का सहारा बचे थे। उनकी मौत से मां और बहनें बदहवास दिखीं। परिजनों ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी, इकलौते पुत्र की शादी किसी शिक्षिका से हो। इससे परिवार की आने वाली पीढ़ी भी शिक्षित और होनहार होगी। पिता की मौत के बाद शिक्षक पत्नी की तलाश में अभी तक आलोक ने शादी नहीं की थी।