औंग। थाना क्षेत्र के गोधरौली हाईवे ओवरब्रिज पर बुधवार रात करीब तीन बजे बाइक सवार डिलीवरी बॉय किसी वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से युवक को सीएचसी गोपालगंज पहुंचाया।
डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर किया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेब से मिले परिचय पत्र से परिजनों को फोन पर खबर दी। रिश्ते में साले दीपक ने हादसे की पुलिस को तहरीर दी है।
गोरखपुर जिला कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर शहबाजगंज निवासी कमलेश जायसवाल के पुत्र आदित्य जायसवाल (38) कानपुर के पीरोड रामबाग में पत्नी शानू जायसवाल व सात साल की बेटी ईश्वरी के साथ रहते थे। वह कानपुर नेहरू नगर बजरिया स्थित एक ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी में काम करते थे। कंपनी के काम से रात को फतेहपुर आ रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। हादसास्थल से बाइक काफी दूर पर मिली। कयास लगाए कि बाइक में साइड टक्कर लगने के बाद आदित्य को रोड पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।