फाइल फोटो-26-विजय दिवाकर। स्रोत परिजन
गाजीपुर। घर से नौटंकी देखने आए बाइक सवार दो युवक शनिवार सुबह खंती में पड़े मिले। सीएचसी में बाइक सवार एक युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन ने युवक की मौत पर संदेह जताया है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव निवासी विजय दिवाकर (25) गांव के साथी संदीप द्विवेदी के साथ गाजीपुर थाने के संवारा गांव रिश्तेदार के घर नौटंकी देखने शनिवार रात आया था। बाइक सवार गाजीपुर के सरकी बंवारा गांव-असोथर मार्ग पर पुलिया के पास खंती में बेसुध हालत में रविवार सुबह पड़े मिले।
बाइक सवारों को देखकर लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने विजय को मृत घोषित कर दिया। संदीप की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया। विजय के पिता झल्लू ने संदीप पर बेटे की हत्या का संदेह जताया।
उसने बताया कि बेटा गांव में ही किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकला था। रात को बेटे का फोन बंद हो गया। रात को संदीप को फोन मिलाया। फोन नहीं उठा। संदीप ने सुबह फोन उठाया और बोला की विजय की मौत हो चुकी है।
उसकी अप्रैल माह में शादी तय है। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि नशे में बाइक सवारों के हादसे का शिकार होने का पता लगा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।
फाइल फोटो-26-विजय दिवाकर। स्रोत परिजन