खखरेरू थाना क्षेत्र से ससुराल से लौट रहे एक बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा खासमऊ गांव के सामने तिवारी होटल के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के देहुली गांव निवासी शिवकुमार (25) की ससुराल खखरेरू थाना क्षेत्र के उमरा गेरिया में है। वह बाइक से शाम को वापस देहुली गांव लौट रहा था। जैसे ही वह खासमऊ गांव के सामने तिवारी होटल के पास पहुंचा तो सामने खड़ी ट्रक में पीछे से जा टकराया। टकराने के बाद शिवकुमार दाहिनी ओर रोड पर जा गिरा। तभी पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसे कुचल दिया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज महिचा मंदिर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि युवक का मोबाइल सुरक्षित मिला है और उसी पर आ रहे काल के जरिए उसका नाम व अन्य जानकारी प्राप्त हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।