थरियांव थाना क्षेत्र के संवतमऊ मोड़ के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार दो छात्रों को ट्रक ने रौंद दिया। एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रामजानकी इंटर कालेज के छात्र थरियांव थाना क्षेत्र के नौबस्ता-मंडासराय निवासी विनय (16) पुत्र इंद्राज एवं शिवकरन (17) पुत्र शीतल प्रसाद सोमवार को संवतमऊ स्थित परीक्षा केंद्र राजा रघुराज सिंह इंटर कालेज में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा देने गए थे।
परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। वे नेशनल हाइवे से गुजरे लिंक मार्ग संवतमऊ मोड़ पर गांव की ओर मुड़े थे कि पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने कुचल दिया।
शिवकरन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि खून से लथपथ विनय ने सदर अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने दोनों परीक्षार्थियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए।