चौडगरा। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई। उसका भाई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
बकेवर थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी अजय (26) भाई बबलू (22) और गांव के जनार्दन (50) को बाइक से कचहरी ले जा रहे थे। कल्यानपुर थानांतर्गत गोविंदपुर मोड़ के पास ट्रक चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दी। इससे अजय बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पास के ढाबा संचालक ने उन्हें निजी वाहन से पीएचसी गोपालगंज पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जनार्दन को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बबलू का उपचार चल रहा है।
बबलू ने बताया कि ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हुआ। अजय चार भाइयों में सबसे बड़ा था। एक भाई की जमानत के लिए वह जनार्दन को जमानतदार के रूप में कचहरी ले जा रहा था। अजय मुंबई में नमकीन का कारोबार करता था और अविवाहित था।
थानाध्यक्ष सुमितदेव पांडेय ने बताया कि ट्रक की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक ने पास के ढाबे पर रुकने के लिए ब्रेक लगाया था तभी बाइक पीछे से टकरा गई।
फाइल फोटो-11-अजय। स्रोत परिजन