हथगाम। छिवलहा कस्बा में सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायल कानपुर देहात बिधनू सीएचसी प्रभारी डाॅ.अवधेश कुमार यादव (41) ने रात में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनके घायल मां और पिता का इलाज जारी है। कानपुर से पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम शव गांव पहुंचा। गंगा किनारे कोतला घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
छिवलहा कस्बा निवासी डॉ. अवधेश दोपहर को अपने पिता पूर्व प्रधानाचार्य सदानंद महाविद्यालय रंगीलाल यादव व मां कृष्णा देवी को लेकर कार से कानपुर अपने निवास बर्रा सात जा रहे थे। छिवलहा स्थित एक गेस्टहाउस के सामने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के बाएं ओर से बाइक सवार ने ओवरटेक किया। जिसे देखकर चालक डॉक्टर अवधेश ने अपनी कार दाएं ओर ले गए। सामने से तेज रफ्तार में आ रही एटीएम कैशवैन से टक्कर हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना देकर कार सवारों को बाहर निकाला। तीनों घायलों को शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। यहां से कानपुर रेफर किया। कानपुर स्थित एक नर्सिंग होम में इलाज दौरान डॉ. की देर रात सांसे थम गईं। वहीं पिता व मां उपचाररत हैं। थानाध्यक्ष डीपी गुप्ता ने बताया कि गाड़ी में कैश था। इसी वजह से वाहन को जाने दिया गया था। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।