बहुआ उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर गुरुवार सुबह आग का गोला बन गया। दस फीडरों से होने वाली करीब डेढ़ सौ गांवों की बिजली गुल हो गई है। आग लगने के बाद ग्रामीणों को आग बुझाने में जद्दोजहद करनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
बहुआ उपकेंद्र में दस एमवीए के ट्रांसफार्मर से लोगों को बिजली मिलती है। 33 हजार वोल्ट की लाइन से ट्रांसफार्मर जुड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार की सुबह कर्मचारियों ने ललौली फीडर की लाइन चालू की। इसके बाद बाद शाह फीडर होल्ड कर दिया। थोड़ी ही देर में जोरदार धमाके के साथ दस एमवीए का ट्रांसफार्मर जलने लगा। ट्रांसफार्मर जलने से ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पानी, मौरंग, बालू से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना के दो घंटे बाद पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाई। घटना के बाद ग्रामीणों ने नाराज होकर उपकेंद्र में हंगामा किया।
ट्रांसफार्मर जलने से शाह, दतौली, पखरौली, पथरी कैनाल, ललौली, सथरियांव, बहुआ, दरवेशाबाद समेत दस फीडर से होने वाले डेढ़ सौ गांवों की बत्ती गुल हो गई है। गुरुवार को दिनभर बत्ती गुल होने से लोग गर्मी से परेशान रहे। बिजली न मिलने से पानी का संकट रहा। जेई सुरेंद्र यादव ने बताया अभी ट्रांसफार्मर लगने में करीब दस दिन लगेंगे। ललौली के इरशाद, महना के रज्जन सिंह, दतौली के गुलाब सिंह ने बिजली आपूर्ति की मांग की है। अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह ने बताया उपकेंद्र में एक पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है, हालांकि आग लगने से केबिल जल गई हैं। जिसे ठीक कराकर पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से सप्लाई दी जाएगी।
मलवां उपकेंद्र के अंतर्गत क्षेत्र में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर हफ्ते भर पहले फुंक गया था जो अभी तक ठीक नहीं हो सका है। ट्रांसफार्मर जलने से पचास घरों की बत्ती गुल है। क्षेत्र में आधा सैकड़ा लोग बीमार हैं। बिजली न आने से दिक्कत हो रही है। यहां के रहने वाले अश्वनी तिवारी, प्रमोद, सुधीर अग्निहोत्री, राम मोहन मिश्रा, पवन मिश्रा, राम प्रसाद शुक्ला, शीलू मिश्रा, राजू तिवारी, विशाल शुक्ला, मनीष पांडेय, सुशील तिवारी ने बताया कि कई बार जेई से शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।