फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवारों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए बुजुर्ग ने मौके पर घास-फूंस में आग लगाकर वहां बैठ गया। इससे उसका दायां पैर झुलस गया। मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
थाना क्षेत्र के ढकौली गांव निवासी राजाराम (60) सुबह करीब नौ बजे बाइक से दवा लेने शहर जा रहे थे। पड़ोसी गांव मलाका निवासी मोनू अग्निहोत्री भी बाइक से किसी काम से शहर की ओर निकले थे। दोनों मलाका मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया।
बचाव के लिए राजाराम ने पास की घास-फूंस में आग लगा दी। इसी दौरान उनका पैर आग की चपेट में आ गया। मोनू भी मधुमक्खियों के हमले में घायल हो गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह दोनों को बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान राजाराम को मृत घोषित कर दिया गया। मोनू का उपचार जारी है। डॉक्टर ने बताया कि मधुमक्खियों ने राजाराम के चेहरे पर कई जगह हमला किया था।
बुजुर्ग के भतीजे सुरेंद्र ने बताया कि राजाराम तबीयत खराब होने पर डॉक्टर को दिखाने निकले थे। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।