जयसिंहपुर गांव में नलकूप पर बुधवार रात पानी लगाने गए किसान वीरन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह इसी गांव से बीडीसी प्रत्याशी नीलम यादव के पति थे। सूचना पर पहुंची थरियांव पुलिस को फिलहाल ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस टीम लेनदेन व आशनाई के बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
जयसिंहपुर गांव निवासी वीरन यादव(28) बुधवार रात लगभग आठ बजे गांव से करीब सौ मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर पानी लगाने गए थे। खेतों पर गुरुवार सुबह उनकी मां लक्ष्मी देवी पहुंचीं तो बेटे का लहूलुहान शव और खून फैला देखकर चीख पड़ीं।
चीख पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर एसएचओ ऋषिकांत शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि रात लगभग नौ बजे फायरिंग की आवाज हुई थी लेकिन पटाखा समझकर ध्यान नहीं दिया गया। वैसे फायरिंग कई राउंड हुई थी।
बता दें कि एक गोली वीरन के दाहिनी कनपटी और दूसरी सीने में लगी है। परिजनों ने बताया कि उनकी किसी तरह की रंजिश नहीं है। एसएचओ ने बताया कि मामला चुनावी रंजिश का नहीं है। मोबाइल की काल डिटेल और संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।
घटना में गांव के ही किसी शख्स का हाथ लग रहा है। वह शामिल या मिलीभगत किसी भी स्तर का हो सकता है।