बेसिक शिक्षा विभाग ने शुरू की पठन पाठन की तैयारी -133219 किताबों की पहली खेप आई -नौ जून को सत्यापन के बाद बीआरसी भेजने की तैयारी संवाद न्यूज एजेंसी फतेहपुर। लाकडाउन में ढील मिलते ही बेसिक शिक्षा विभाग स्कूलों में पठन पाठन की तैयारी शुरू कर दी है। जुलाई के पहले सप्ताह में शतप्रतिशत बच्चों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने की योजना है। 133219 किताबों की पहली खेप बेसिक शिक्षा विभाग को मिल गई है। नौ जून को सत्यापन के बाद किताबें ब्लाक संसाधन केंद्र भेजी जाएंगी। जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने 267300 कक्षा एक से लेकर आठ तक पढने वाले बच्चों के लिए 1760768 किताबें मंगाई थी। इनमें अब तक प्रकाशन ने 133219 किताबें भेज दी हैं। किताबें महात्मा गांधी पूर्व माध्यमिक विद्यालय में रखी गई हैं। पुस्तक वितरण प्रभारी राकेश सचान ने बताया कि किताबें सत्यापन के लिए नौ जून को कमेटी के समक्ष रखी जाएंगी। सत्यापन के बाद ब्लाक संसाधन केंद्र भेजने का काम शुरू कर दिया जाएगा।